आगरा में शुक्रवार को एक और कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया। इससे संक्रमित मृतकों की संख्या 169 पर पहुंच गई है। 44 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। गुरुवार को भी इतने ही नए मरीज मिले थे। जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 9795 पर पहुंच गया है। इनमें 9228 लोग ठीक हो गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक जिले में शुक्रवार तक 3.83 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। संक्रमण दर 2.55 फीसदी है। वहीं स्वस्थ होने की दर बढ़कर 94.21 फीसदी पर पहुंच गई है। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 397 है।
इंद्रपुरी न्यू आगरा निवासी 80 वर्षीय टीबी रोगी की संक्रमित होने के बाद शुक्रवार को मौत से संक्रमित मृतकों की संख्या 169 पहुंच गई। खंदारी में छह साल के बच्चे सहित शुक्रवार को 44 संक्रमित मिले हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के मुताबिक जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 9795 पहुंच गया।
यहां मिले नए मरीज
सिकंदरा के राधा नगर में एक परिवार के तीन सदस्य, सेक्टर सात आवास विकास कॉलोनी, मंगलम एस्टेट दयालबाग और पुष्पांजलि पिंक सिटी में एक-एक परिवार के दो-दो सदस्य संक्रमित मिले हैं।
मुगल रोड, कालिंदी विहार, अटूस, हरदीप एन्क्लेव सिकंदरा, प्रोफेसर कॉलोनी कमला नगर, सैंया, बमरौली कटारा, तुलसी बाग दयालबाग, बल्केश्वर, दुर्गा कॉलोनी, गोबर की चौकी, अमर बाग दयालबाग, देव नगर, पश्चिमपुरी, जयराम बाग दयालबाग, रामविहार दयालबाग, शाहगंज और एत्माद्दौला में भी कोरोना वायरस के नए मरीज मिले हैं।