आगरा में शनिवार को कोरोना संक्रमित 40 वर्षीय भाजपा नेता की मौत हो गई। इससे जिले में कोरोना संक्रमित मृतकों का आंकड़ा 31 पर पहुंच गया। उधर, आठ नए मामले मिलने से कुल संक्रमित 851 हो गए। इनमें 722 डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि अब 98 कोरोना मरीजों का उपचार चल रहा है।
कमला नगर के बसंत विहार निवासी भाजपा नेता जूता कारोबारी थे। इनके पिता भी संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। जूता कारोबारी ने तबीयत खराब होने पर कोरोना जांच कराई थी। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद इन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। वे वेंटीलेटर पर थे।
उधर, बेटे की तबीयत में सुधार न होते देख मां की शुक्रवार को मौत हो गई थी। मां की चिता अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि गंभीर निमोनिया से पीड़ित जवान बेटे की भी सांसें थम गई। 24 घंटे में परिवार में मां-बेटे की मौत से परिवार में मातम पसर गया। मां की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मृतक के परिवार के लोग क्वारंटीन में हैं।