आगरा में शनिवार को ताजगंज की 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वह एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। सांस की बीमारी थी। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि मरीज ने दोपहर 1:40 पर दम तोड़ दिया । यह नौंवी मौत है। उधर शनिवार को दूधिया और सब्जी विक्रेता सहित 23 और संक्रमिट मिलने से कुल संख्या 371 हो गई।
23 अप्रैल को थाना ताजगंज क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार दोपहर उनकी मौत हो गई।
दो सब्जीवाले और संक्रमित मिले
शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में सब्जी बेचने वाले नगला बूढ़ी निवासी दो भाइयों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये दोनों सिकंदरा मंडी से सब्जी लाकर न्यू आगरा में बेचते थे। चार दिन पहले तबीयत बिगड़ने और कोरोना के लक्षण आने पर खुद ही एसएन मेडिकल कॉलेज सैंपल देने गए थे।
न्यू आगरा थाना प्रभारी ने बताया कि सब्जी बेचने वाले दोनों भाई के घर के पास बैरियर लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है। इससे पहले फ्री गंज, सुल्तान गंज की पुलिया के सब्जीवाले पॉजिटिव मिल चुके हैं। एक दूधिया भी संक्रमित निकला है।
एसएन (सरोजिनी नायडू) मेडिकल कॉलेज का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संक्रमित मिला है। इससे पहले पांच वार्ड ब्याय, दो नर्स, तीन जूनियर डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिल चुके है। बल्केश्वर के लोहिया नगर में भी कोरोना का मरीज मिला है। यह मरीज सपा नेता है।