आगरा जनपद में अगस्त में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। 24 दिन में ही संक्रमित मरीजों की संख्या 700 को पार कर गई है। जुलाई तक 54 हजार लोगों की जांच में कोरोना वायरस के 1846 मरीज पाए गए थे।
मार्च से जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग ने 54,424 लोगों के नमूनों की जांच की, इनमें 1846 संक्रमित मिले। 1261 पुरुष और 585 महिलाएं संक्रमित थीं। 1 से 24 अगस्त तक 45,588 लोगों की जांच की गई, इनमें 706 संक्रमित मिले।
ये भी पढ़ें- डॉ. योगिता हत्याकांडः बेटी को बचाने आए परिवार को मिली उसकी लाश, हत्या पर पिता ने बताई पूरी कहानी
संक्रमण के पहले महीने मार्च की बात करें तो 849 लोगों की जांच में 12, अप्रैल में 6080 की जांच में 441, मई में 8313 की जांच में 439, जून में 9293 की जांच में 380 और जुलाई में सबसे ज्यादा 29889 लोगों की जांच में 574 संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि अगस्त में संक्रमण के मामले ज्यादा मिले हैं, लेकिन जांचें भी 45 हजार से अधिक की गई हैं। अब रोजाना 3000 से अधिक जांचें की जा रही हैं।