सरोजनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज की लैब में कोरोना मरीजों के सैंपल लेने वाला टेक्नीशियन भी संक्रमित हो गया है। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद लैब के अन्य सदस्यों को सतर्क किया गया है। उसके संपर्क में आए लोग क्वारंटीन किए जा रहे हैं।
महिला अस्पताल (लेडी लॉयल) में भी गर्भवती संक्रमित पाई गई है। परिजनों और उसके उपचार में लगे चिकित्सक व स्टाफ को क्वारंटीन किया गया है। इनके सैंपल भी लिए गए हैं।
गौरतलब है कि ताजनगरी में बुधवार को 19 और कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 327 हुई थी। मंगलवार को 41 मिले थे। इस तरह दो दिन में 60 नए मरीज मिल गए हैं। अप्रैल में एक भी दिन ऐसा नहीं बीता है जब मरीज नहीं मिले हों।
एसएन मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर, पांच वार्ड ब्वाय और नर्स भी संक्रमित पाए जा चुके हैं। 26 वर्षीय लैब टेक्नीशियन कन्नौज निवासी है। वह और एंबुलेंस चालक किराए के एक ही कमरे में रहते हैं। 108 एंबुलेंस चालक भी संक्रमित पाया गया है।
एसएन और लेडी लॉयल के अलावा श्री पारस, एसआर, सिनर्जी, प्रमोद मित्तल नर्सिंग होम के संपर्क से लगातार संक्रमित सामने आ रहे हैं। एसआर हॉस्पिटल में भर्ती रहीं दो संक्रमित प्रसूताओं के परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। खेरागढ़ निवासी प्रसूता का पति, सास सहित तीन लोग संक्रमित मिले हैं। ये सभी क्वारंटीन सेंटर भेज दिए गए हैं।
हरीपर्वत थाने में दो घंटे रहा चोर संक्रमित मिला था। वह वजीरपुरा का रहने वाला है। उसके बारे में पता चला है कि वह एक जमाती के संपर्क में आया था। इस कॉलोनी में दो हॉट स्पॉट हैं। यहां जमाती के संपर्क से परचून व्यापारी संक्रमित मिल चुका है।
एसएन की कर्मचारी के तीन बच्चे भी संक्रमित
एसएन की महिला कर्मचारी के तीन बच्चे भी संक्रमित मिले हैं। इनमें से दो बेटियां हैं जो छह और 12 साल की हैं। 10 वर्ष के बेटे की रिपोर्ट भी पॉजटिव आई है। इससे पहले एसएन के वार्ड ब्वाय के बच्चे भी संक्रमित मिल चुके हैं।
आया संक्रमित मिली, ककरैठा में हड़कंप
सिनर्जी हॉस्पिटल में काम करने वाली वार्ड आया संक्रमित मिली है। वह ककरैठा गांव की रहने वाली है। उसके घर पुलिस जानकारी के लिए पहुंची। इसके बाद दमकल सैनिटाइज करने के लिए आई।
उसके संक्रमण का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। यह घनी आबादी वाला इलाका है। इससे सटे महर्षिपुरम कॉलोनी, रोशन विहार, केआर नगर के लोगों ने पार्षद से कॉलोनियों को सैनिटाइज कराने की मांग की है।
सूर्य नगर कॉलोनी को किया सैनिटाइज
सूर्य नगर कॉलोनी में कारोबारी के परिवार के तीन लोगों के संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को कॉलोनी को सैनिटाइज किया गया। यहां पुलिस ने बैरियर और चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं। पुलिस की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
संक्रमित सब्जी वाले, केमिस्ट, दूधिया के संपर्क की तलाश
नगला पदी, फ्रीगंज के चिम्मनलाल का बाड़ा के सब्जी वाले संक्रमित मिले। बोदला, फव्वारा के केमिस्ट और सुशील नगर का दूधिया और उसके परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी मामलों में अब इन लोगों के संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनसे लंबी पूछताछ कर यह मालूम करने का प्रयास किया है कि इनमें संक्रमण कैसे आया।