पूरे जिले में कोरोना से मरा केवल एक गरीब व्यक्ति
कोरोना संक्रमित मृतक निर्धन परिवारों को सरकार ने आर्थिक सहायता के रूप में पांच हजार रुपये उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं जिले में महज एक ही संक्रमित मृतक के परिवार को धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई है।
पंचायती राज विभाग ने एक ही परिवार को दी मदद, समीक्षा में प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी
कोरोना संक्रमण से मरने वाले निर्धन परिवारों को शव के अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रुपये दिए जाने के निर्देश हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्र के 14 लोगों की सूची उपलब्ध कराई गई। जिनकी मृत्यु कोरोना संक्रमण की वजह से हुई थी।
जांच में इनके परिवार निर्धन भी मिले, लेकिन पंचायती राज विभाग ने इनमें से सिर्फ एक ही मृतक के परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई। हाल ही में जब इस योजना की सभी जिलों की समीक्षा शासन स्तर पर हुई तो प्रमुख सचिव ने एटा को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही अन्य सभी पात्रों को लाभांवित करने के निर्देश दिए हैं।