कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज में संक्रमित मरीजों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाओं का पर्याप्त भंडारण कर लिया गया है। यहां करीब 1.60 लाख टैबलेट जमा हैं। कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज में रेमडेसिविर, पैरासिटामोल, आइवरमेक्टिन, एजिथ्रोमाइसिन, डॉक्सीसाइक्लिन, विटामिन सी, जिंक, विटामिन डी थ्री का प्रमुखता से इस्तेमाल किया जा रहा है।
संक्रमण की दूसरी लहर पर अलर्ट जारी होने पर एसएन में इनकी दवाओं का स्टॉक कर लिया है। अभी एसएन में 140 रेमडेसिविर, 1200, आइवरमेक्टिन, 1.25 लाख पैरासिटामोल, 12000 विटामिन सी, 50 हजार एजिथ्रोमाइसिन, 15 हजार डॉक्सीसाइक्लिन और विटामिन डीथ्री, जिंक की 80 हजार से अधिक टैबलेट उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर इनकी खरीद भी की जाएगी।
150 वेंटिलेटर, 25 एचएफएनसी मशीन
कोविड आईसीयू प्रभारी डॉ. राजीव पुरी ने बताया कि कोविड अस्पताल में 200 बेड का आइसोलेशन वार्ड और 150 बेड का आईसीयू है। आईसीयू में सभी बेड पर वेंटिलेटर लगे हुए हैं। 20 बाइपैप मशीन और 25 एचएफएनसी मशीन भी गंभीर मरीजों के इलाज के लिए है। अभी पांच मरीज भर्ती हैं, जिसमें से तीन आईसीयू में हैं।