20एमएनपी-13-जिला अस्पताल में बंद बालरोग वार्ड
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमण को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। संक्रमित मिलने के बाद भी स्टॉफ रूम को अभी तक सील नहीं किया गया है।
अस्पताल में तीन दिन में तीन मरीज कोरोना संक्रमित निकले हैं। इनमें एक मरीज यहां तैनात स्टाफ नर्स की बहन थी, जो स्टाफ रूम में ही उपचार लेती रही। अस्पताल प्रशासन ने स्टाफ रूम को सील नहीं किया। जिस आवास में संक्रमित अपनी बहन के साथ रही थी उस आवास को भी सैनिटाइज नहीं कराया। वहां रहने वाली अन्य स्टाफ नर्स ने इस पर नाराजगी जताई है।
बाल वार्ड बंद
जिला अस्पताल के बाल वार्ड में भी एक कोरोना संक्रमित भर्ती रहा था। शनिवार को अस्पताल प्रशासन ने वार्ड को खाली करा दिया। वार्ड में संक्रमित मरीज के साथ रहे अन्य मरीजों की न तो जांच कराई और न ही उन्हें क्वारंटीन किया गया। मेडिकल वार्ड में छपट्टी निवासी संक्रमित वृद्ध भर्ती रहा था। उस वार्ड को आज तक बंद नहीं किया गया।
तीमारदार मरीज को ले गए घर
जिला अस्पताल के सामान्य वार्डों में भर्ती मरीजों को जैसे ही जानकारी हुई कि यहां भर्ती मरीज कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। तो तीमारदार बिना उपचार दिलाए ही मरीज को घर ले गए।
जांच कराई जाएगी
अस्पताल को रोजाना चार बार सैनिटाइज कराया जा रहा है। लक्षण दिखने पर संबंधित की जांच कराई जाएगी।
डॉ. आरके सागर सीएमएस