13एमएनपी-06-क्रिश्चियन कंपाउंड में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बंद रास्ता
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। क्रिश्चियन कंपाउंड निवासी कैंसर से पीड़ित कोरोना संक्रमित वृद्ध की शुक्रवार की रात उपचार के दौरान सैफई में मौत हो गई। वृद्ध के दो पुत्र भी कोरोना संक्रमण के चलते सैफई में ही भर्ती हैं। शनिवार को वृद्ध को शहर स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया।
क्रिश्चियन कंपाउंड निवासी 72 वर्षीय प्रकाश मसीह मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। उनका दिल्ली में उपचार चल रहा था। उनके बड़े पुत्र को कुछ दिक्कत हुई तो वो सैफई में भर्ती हुआ। यहां वह कोरोना संक्रमित निकला। पुत्र के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद कैंसर पीड़ित प्रकाश मसीह व उनके छोटे पुत्र की भी आठ जून को कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजे गए।
10 जून को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। इसके बाद पिता पुत्र को भी सैफई में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान 12 जून की रात प्रकाश मसीह की मौत हो गई। शनिवार को उनका शव एंबुलेंस से कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे कचहरी रोड स्थित कब्रिस्तान लाया गया। एसडीएम रजनीकांत की देखरेख में उनके दामाद ने वृद्घ को पीपीई किट पहनकर दफन किया। मृतक के दोनों पुत्र सैफई में ही कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती हैं।