भोगांव (मैनपुरी)। मोहल्ला रसूलाबाद से सटे गांव जुगिया में दो बहनें शनिवार को कोरोना संक्रमित पाई गईं। एसडीएम ने गांव को सील करा दिया। नगर पंचायत की टीम ने गांव को सैनिटाइज कराया है। कस्बा भोगांव में दो बहनों के कोरोना संक्रमित की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुधीर कुमार क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन व पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे। गांव को सील कराने के साथ ही गांव के लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह ने गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की है। गांव पहुंचे डॉ. मनोज पाठक, आलोक कुमार व विनय पांडेय ने गांव के लोगों की स्क्रीनिंग कराई है। वहीं ईओ आरके सिंह के निर्देश पर पूरे गांव को सैनिटाइज कराया गया है।
17 की आई रिपोर्ट निगेटिव
भोगांव। 10 जून को दिल्ली, महाराष्ट्र अहमदावाद व हरियाणा से आए 22 लोगों में 17 की रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने राहत की सांस ली है। डॉ. प्रदीप यादव, मलेरिया इंस्पेटक्टर विवेक राजपूत की देखरेख में सभी को 21 दिन तक होम क्वारंटाइन रहने की हिदायत देते हुए घर भेजा है।
65 संदिग्धों के लिए गए सैंपल
क्वारंटीन हाउस पहुंचे 65 लोगों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए। 10 संदिग्धों को क्वारंटीन हाउस भोगांव में रखा गया।
मां और बुआ के सैंपल जांच को भेजे
कोविड केयर में भर्ती संक्रमित सात वर्षीय बालिका और 11 वर्षीय बालिका की देखभाल कर रहीं मां और बुआ के भी सैंपल शनिवार को जांच के लिए भेजे गए। दोनों बालिकाओं की री-सैंपलिंग कराई गई।
छह लोगों ने दी कोरोना को मात, घर भेजे गए
भोगांव। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती छह और मरीजों ने कोरोना पर जीत हासिल की है। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के बाद शनिवार को सभी को प्रमाणपत्र देकर 21 दिनों के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया। शनिवार आइसोलेशन वार्ड में भर्ती भैंसरोली के चार, बेवर के बागपुर का एक तथा बेवर के ही नगला ताल के एक संक्रमित की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। सभी को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रमाणपत्र व पुष्प देकर विदा किया। नोडल चिकित्सक डॉ. अमित भारती ने ठीक होने वाले मरीजों को 21 दिन तक होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी है। ठीक होने वाले मरीजों को रामेंद्र सिंह यादव, मुनेंद्र पाल आदि लोगों ने पुष्प भेंट किए।