29एमएनपी-08-शहर के लेनगंज में खुली दुकानों के बाहर खड़े लोग
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला प्रशासन ने 25 दिन बाद घिरोर को हॉटस्पॉट की सूची से बाहर करने का निर्णय लिया है। यहां बृहस्पतिवार से हालात सामान्य हो जाएंगे। वहीं नगर पंचायत करहल और शहर के बंशीगोहरा मोहल्ले के एक किलोमीटर दायरे में फिलहाल सख्ती जारी रहेगी।
पांच अप्रैल को घिरोर में तीन संक्रमिक जमाती मिलने के बाद कस्बे को सील कर दिया गया था। लेकिन बीते 25 दिनों से स्क्रीनिंग में सब कुछ ठीक मिलने के बाद प्रशासन ने घिरोर को खोलने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को यहां सामान्य गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। हालांकि नगर पंचायत करहल और बंशीगोहरा का एक किलोमीटर क्षेत्र सील रहेगा। इसके अलावा जिले में दवा, पेंट, बारदाना, किताब-कॉपी, बिजली उपकरण, आटा चक्की, खाद बीज, कृषि यंत्र, बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानें खुली रहेंगी। ग्रामीण क्षेत्र में किराना, सब्जी की दुकानों को छूट प्रदान की गई हैं। साप्ताहिक बाजार नहीं लगेंगे। अगर किसी दुकान पर भीड़ मिली तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों पर नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी होगी। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडेय ने कहा कि सभी लोग घरों में रहें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नगेंद्र शर्मा, अपर जिलाधिकारी बी.राम, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।