01एमएनपी-18-महिला अस्पताल में पसरा सन्नाटा, बाहर खड़ी स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। सैफई मेडिकल कॉलेज में जिले के मरीज की मौत कोरोना वायरस के संक्रमण से नहीं बल्कि निमोनिया से हुई है। मृतक की जांच रिपोर्ट आने के बाद वह कोरोना निगेटिव पाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
बेवर थानाक्षेत्र के गांव बघेला निवासी 60 वर्षीय जीवन स्वरूप को सोमवार की रात मैनपुरी जिला अस्पताल से बुखार से पीड़ित होने पर गंभीर हालत देखते हुए मिनी पीजीआई सैफई के लिए रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। सैफई में उसे कोरोना संदिग्ध मानते हुए सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद सैफई अस्पताल प्रशासन ने मृतक के शव को कोरोना वायरस किट में लपेटकर रखवाया था। साथ ही परिजनों को भी आइसोलेट किया था। वृद्ध की मौत की जानकारी मंगलवार देर रात जिला अस्पताल के स्टाफ को हुई तो ड्यूटी पर तैनात लोग दहशत में आ गए। हालांकि स्टाफ के लोग मास्क और ग्लव्स का प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन उनके पास सुरक्षा किट नहीं थी। बुधवार को जीवन स्वरूप की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, तब पता चला कि उसकी मौत निमोनिया से हुई है।
- जीवन स्वरूप को एक महीने से बुखार आ रहा था। उसे जिला अस्पताल से रेफर किया गया था। जानकारी मिली है कि सैफई में जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। मौत का कारण निमोनिया बताया गया है। - डॉ. आरके सागर, सीएमएस।