मैनपुरी। जिले में कोरोना वायरस को लेकर सतर्क जारी किया है। चीन से जिले में आने वाले लोगों को 14 दिन तक परिवार से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही चीन से आने वाले लोगों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है। फिलहाल जिले में दो युवाओं को स्वास्थ्य विभाग ने अपनी देख रेख में लिया है।
चीन में फैला कोरोना वायरस कहीं जिले के लोगों में न फैल जाए। सरकार के निर्देश पर चीन से जिले में आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट पर जिले में पहुंचे दो युवाओं की निगरानी स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। हालांकि इन युवाओं में किसी प्रकार का कोरोना वायरस का लक्षण नहीं दिखा है। फिर भी इन्हें परिवार से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। कोरोना वायरस को लेकर सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने निर्देश जारी किए हैं। डीएम के निर्देश पर भी चीन से आने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है।
डीएम के निर्देश पर बनी समिति कर रही निगरानी
कारोना वायरस को लेकर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर एक समिति का गठन किया गया है। सीएमओ डॉ. एके पांडेय को इस समिति का अध्यक्ष नामित किया है। इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी डॉ. राजीव राय, डॉ. अनिल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी एसएन सिंह, एसीएमओ डॉ. जीपी गौतम, डॉ. जीडी सिंह, डॉ. संजीव राय बहादुर, डॉ. आरपी सिंह को शामिल किया है। इसके अतिरिक्त इस समिति में जिले के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
जिला अस्पताल में सेफ वॉर्ड के लिए व्यवस्थाएं शुरू
कोरोना वायरस को लेकर जिला अस्पताल में एक स्पेशल वॉर्ड की स्थापना की जाएगी। मंगलवार को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में हृदय रोग विभाग को सुरक्षित किया गया। स्थायी व्यवस्था के लिए बर्न यूनिट के एक वॉर्ड को सुरक्षित किया जा रहा है। इसमें मंगलवार को बेड डलवाने की कार्य किया गया है। उम्मीद है कि बुधवार को यह सुरक्षित कर दिया जाएगा।
कोरोना के लक्षण केवल चीन से आने वालों के लिए
-तीन से चार दिन तक खांसी आना
-तीन से चार दिन तक बुखार आना
-सांस लेने में दिक्कत होना
बचाव के उपाय केवल चीन से आने वालों के लिए
-छींक आने पर रुमाल या टिशू पेपर का प्रयोग करें
- बार-बार साबुन से हाथ धोते रहें
- हाथ को मुंह और आंखों से न लगाएं
- परिवार से 14 दिन तक दूरी बनाए रखें
- किसी से हाथ न मिलाएं
जिले में चीन से आने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। फिलहाल दो युवक चीन से मैनपुरी पहुंचे हैं। इनमें कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। फिर भी अहतियात के तौर पर इनकी निगरानी की जा रही है।
- डॉ. एके पांडेय, सीएमओ