डॉक्टर साहब... मैंने शनिवार को कोरोना वायरस का टीका लगवाया था। खट्टा-मीठा खा सकता हूं, कोई दिक्कत तो नहीं होगी। इस तरह के रोजाना पांच से आठ फोन कॉल एसन मेडिकल कॉलेज के कंट्रोल रूम में उन लोगों के आ रहे हैं जिन्होंने पहले चरण में टीका लगावाया है।
...बीपी-मधुमेह रोगी हूं, दवाएं लेने से परेशानी तो नहीं होगी। दौड़-धूप कर सकता हूं, ऐसे प्रश्न भी पूछे जा रहे हैं। फोन करने वालों में अधिकांश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। एसएन के टीकारकण प्रभारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने बताया कि फोन करने वालों की काउंसिलिंग करते हुए को बता रहे हैं कि जो भी दवाएं चल रही हैं, वह लेते रहें और कुछ भी खाएं-पीएं।
अनुपस्थित लोगों को फोन कर पूछा सेहत का हाल
प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि टीका लगने के बाद सभी ड्यूटी पर आए थे, एक-दो नहीं आए, उनकी सेहत का हाल भी पूछा, सभी ठीकठाक हैं। मंगलवार को ड्यूटी पर अनुपस्थित रहे कर्मचारियों के घर भी फोन कर उनकी सेहत का हाल जाना। उन्होंने छुट्टी पर रहने की बात कही।
टीके के बाद सामान्य रहेगी दिनचर्या
कोरोना वायरस का टीका लगने के बाद किसी तरह के परहेज की कोई जरूरत नहीं है। बचाव के उपाय पहले की तरह करने हैं, दिनचर्या सामान्य ही रहेगी, जैसे पहले रहती थी।
- डॉ. संजीव वर्मन, जिला टीकाकरण प्रभारी