कोरोना को पराजित करने के लिए शुक्रवार को जिले के 26 केंद्रों पर कुल 3800 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी। इसमें से 25 केंद्रों के 37 सत्रों में कुल 3700 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविशील्ड और जालमा कुष्ठ एवं अन्य माइक्रोबैक्टीरियल रोग संस्थान में 100 स्वास्थ्यकर्मियों को कोवाक्सीन का टीका लगाया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी पांडेय का कहना है कि शहर और देहात के कुल 26 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। एसएन मेडिकल कॉलेज में चार केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, कुछ और केंद्रों पर दो सत्र में वैक्सीन लगाई जाएगी। इस तरह 38 सत्र में 3800 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगेगी। गुरुवार को सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित वैक्सीन भंडार डिपो से केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन (कोविशील्ड और कोवाक्सीन) की वाइल भेज दी गईं।
कोवाक्सीन की 448 डोज मिली
सीएमओ के मुताबिक जिले में कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड के साथ कोवाक्सीन की भी 448 डोज मिली है। कोवाक्सीन जालमा कुष्ठ एवं अन्य माइकोबैक्टीरियल रोग संस्थान में लगाई जाएगी। जिले में कोविशील्ड की 26,280 डोज मिली थी। अभी तक 361 डोज लग चुकी हैं।
कहां कितनी सत्र में वैक्सीन लगेगी
एसएन मेडिकल कालेज चार सत्र, जालमा कुष्ठ एवं अन्य माइकोबैक्टीरियल रोग संस्थान में एक, जिला अस्पताल में एक, लेडी लायल जिला महिला चिकित्सालय में एक, पुष्पांजलि हॉस्पिटल में दो, रेनबो हास्पिटल में दो, सिनर्जी प्लस हॉस्पिटल में एक, कमलेश टंडन नर्सिंग होम में एक,स्पर्श मल्होत्रा नर्सिंग होम में एक, श्री कृष्णा नर्सिंग होम में एक, रवि हॉस्पिटल में एक और देहात में बाह में दो, फतेहाबाद में दो, शमसाबाद में दो, बरौली अहीर में दो, एत्मादपुर में दो, खंदौली में दो, अकोला में दो, जैतपुर कला में एक, पिनाहट में एक, बिचपुरी में एक, फतेहपुर सीकरी में एक, सैंया में एक, खेरागढ़ में एक, जगनेर में एक, अछनेरा में एक सत्र में वैक्सीन लगाई जाएगी।
16 जनवरी को टीका लगवाने वालों को कोई परेशानी नहीं
सीएमओ डॉ. आरसी. पांडेय का कहना है कि 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगवाने वालों को कोई परेशानी नहीं हुई है। एसएन मेडिकल कॉलेज के क्षय रोग एवं वक्ष विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष का कहना है कि उन्होंने भी टीका लगवाया था। इसके बाद पूरे दिन विभाग में काम किया और छात्रों की कक्षा ली। यह प्रक्रिया जारी है। उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई, बस टीका लगने वाले जगह पर हल्का दर्द हुआ, जो स्वाभाविक है। जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सीपी वर्मा ने भी टीका लगवाया था, उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है, बस हल्का बुखार आया था।