भोगांव। सात लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली। उन्हें 21 दिन तक होम क्वारंटीन की सलाह देकर घर भेज दिया गया। ठीक हुए मरीजों में किशनी के नगला गवे के दो मरीज शामिल थे, जो 28 मई से आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे। इसके अलावा एक बरनाहल, तीन भैंसरोली और एक राजा का बाग के एक मरीजों को भी छुट्टी दे दी गई।
ये भी 28 मई से यहां भर्ती थे। मंगलवार को जैसे ही आइसोलेशन वार्ड में भर्ती इन सात मरीजों को उनके घर भेजने के लिए बाहर निकाला गया तो उनकी आखों में खुशी के आंसू छलक गए। वहां तैनात स्टाफ ने उन्हें प्रमाणपत्र दिया और ताली बजाकर विदा किया। सभी को एंबुलेंस से उनके घर भेजा गया। मरीजों ने हाथ हिलाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम का अभिवादन किया और ईश्वर को धन्यवाद दिया। घर भेजने से पहले सभी को 21 दिन तक होम क्वारंटीन रहने की चेतावनी दी गई।
दो मरीज सैफई भेजे
क्वारंटीन सेंटर से हालत बिगड़ने पर दो मरीजों को जांच के लिए सैफई मेडीकल भेजा गया। डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि इन दोनों मरीजों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सैफई भेजा गया।
दिल्ली से गांव पहुंची बालिका निकली संक्रमित
दिल्ली से भोगांव क्षेत्र के ग्राम जुगिया लौटी 11 वर्षीय छात्रा अपने परिजनों के साथ छह जून को क्वारंटीन हाउस पहुंची थी। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसे भी उसकी मां के साथ कोविड केयर मे इलाज के लिए रखा गया है। कोविड दो में अब तीन बालिकाओं की माताएं कोविड केयर के रूप में उनकी देखभाल कर रही हैं।
80 संदिग्धों के सैंपल जांच को भेजे
मंगलवार को चार संक्रमित मरीज मिलने के बाद उनके परिजनों सहित प्रवासी मजदूरों के 80 लोगो के सैंपल लेकर जांच के लिए सैफई भेजे गए। क्वारंटीन हाउस में अब कुल 36 लोग क्वारंटीन हैं।