कटरा समान (मैनपुरी)। फेसबुक पर एक नेता की ओर से कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत होने की बात पोस्ट की गई। जब इसकी जानकारी थाना कुर्रा पुलिस को हुई तो जांच की। जांच के दौरान फेसबुक पर की गई पोस्ट अफवाह साबित हुई। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कोविड 19 को लेकर अफवाह फैलाए जाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
कुर्रा थाना प्रभारी रूपेश वर्मा सोमवार को टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी उनके व्हाट्सएप पर किसी व्यक्ति द्वारा एक स्क्रीन शॉट भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक ने जब स्क्रीनशॉट को देखा तो पाया कि भवानीपुर निवासी एक नेता सुनील चौहान की फेसबुक आईडी पर कोरोना संक्रमण के चलते एक व्यक्ति की मौत होने की बात कही गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों को सूचित किया। कोविड 19 को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में सुनील चौहान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के साथ ही दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।