कासगंज। जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को तीन पुलिस कर्मियों व 10 महिलाओं समेत 17 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 192 हो गई है। इसमें से 95 मरीज अभी सक्रिय हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को आइसोलेट कर दिया है। इनके परिजनों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
गंजडुंडवारा में तीन पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए। इसके अलावा एक महिला मोहल्ला घासी, एक मोहल्ला नानक बक्श में संक्रमित मिली हैं। दो महिला व तीन युवक मोहल्ला पूरब थोक बिलाल मस्जिद इलाके में पॉजिटिव पाए गए हैं। कासगंज शहर में सिटी मोहल्ला में दो महिलाएं, एक वृद्ध और एक युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं।
तीर्थनगरी सोरों के मोहल्ला मढ़ई में दो महिलाएं और कटरा मोहल्ला में एक महिला संक्रमित मिली है। सिटी मोहल्ला और सोरों में एसडीएम ललित कुमार, सीओ आरके तिवारी ने संक्रमितों का इलाका सील कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों को आइसोलेशन के लिए ले गई ओर परिवार के लोगों को क्वारंटीन कर दिया। गंजडुंडवारा में एसडीएम शिवकुमार सिंह, सीओ गवेंद्र गौतम ने संक्रमितों के इलाके सील कराए हैं। मरीजों को आइसोलेशन के लिए भिजवाया।
आंकड़ा-
- 192 कुल संक्रमित मरीज
- 95 सक्रिय मरीज
- 97 सही हुए मरीज
- जिले में मंगलवार शाम को 17 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी संक्रमितों को कोरोना अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। परिवार के लोगों को और संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया गया है। उनकी कोरोना जांच की जाएगी।- डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।