कासगंज के कल्यानपुर में बाहर से आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करते चिकित्सक
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। गैर राज्यों और जिलों से आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। बनाई गई टीमों ने गांव-गांव पहुंच सर्वे के आधार पर थर्मल स्क्रीनिंग की है। शुक्रवार को सैंकड़ों लोगों की स्क्रीनिंग हुई। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम लोग बाहर से आए हैं। इन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर विभाग कोरोना संक्रमण के लक्षण जानने की कोशिशों में जुटा हुआ है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची। ग्राम पंचायतों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बाहर से आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
सीएमओ डॉ. प्रतिमा श्रीवास्वत का कहना है कि कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्यानपुर में टीमों में चिकित्सक विकास भारती, एएनएम ललिता, नीरज कुमार, मुन्नी देवी, मिथलेश कुमारी, रानी शर्मा ने 55 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। वहीं शहर के अमांपुर रोड पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 300 से अधिक की थर्मल स्क्रीनिंग की। हालांकि इन दोनों ही स्थानों पर की गई थर्मल स्क्रीनिंग में किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण के प्राथमिक लक्षण दिखाई नहीं दिए। सभी लोगों को हिदायत दी गई है कि वह स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहें। यदि जरा से भी लक्षण दिखाई दें तो तत्काल चिकित्सालय पहुंचे।