आगरा में कोरोना वायरस का संक्रमण फिर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को रिकॉर्ड 56 नए मरीज और बढ़ गए। यह मई के बाद पहली बार 24 घंटे में मिले मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही अब संक्रमितों की संख्या 2772 पर पहुंच गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि 56 नए केस और दर्ज होने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2772 पर पहुंच गया है। इनमें 2302 मरीज ठीक हो चुके हैं। 107 की मृत्यु हो चुकी है। जिले में 363 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें 205 मरीज होम आइसोलेशन में भर्ती हैं।
शनिवार तक आगरा में 1.12 लाख लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। संक्रमण की दर 2.46 फीसदी हो गई है। वहीं, नए मरीज बढ़ने के साथ स्वस्थ होने की दर घटकर 83.04 फीसदी रह गई है। 22 अगस्त को स्वस्थ होने की दर 84.80 फीसदी पर पहुंच गई थी।
संक्रमण की दूसरी लहर शरू
ताजनगरी में संक्रमण की दूसरी लहर शुरू हो गई है। अगस्त के अंतिम सप्ताह से सितंबर तक संक्रमण अप्रैल-मई की तरह बढ़ेगा। जिला प्रशासन ने ये चेतावनी जारी करते हुए आगामी दो माह तक लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी है। संक्रमण की रोकथाम को लेकर शहर में दोबारा सख्ती लागू कर दी गई है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि संक्रमण की दर घटी है, लेकिन प्रतिदिन मिल रहे पॉजिटिव केस की संख्या चिंता का विषय है। अमेरिका, जापान, फ्रांस, आस्ट्रेलिया की तर्ज पर आगरा में संक्रमण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा में पहली लहर मई-अप्रैल में आई थी, तब हर दिन 40 से 50 केस सामने आ रहे थे। पिछले एक सप्ताह से फिर वही हालात बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वायरस से बचाव के लिए सावधानी ही विकल्प है। जब तक वैक्सीन तैयार नहीं हो जाती, लोग खुद को सुरक्षित रखें। सामाजिक दूरी का पालन करें, मास्क पहनकर ही बाहर निकलें।