आगरा में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 38 नए मरीज मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2100 पार कर गया है। अगस्त में तेजी से संक्रमण बढ़ा है। लगातार पांचवें दिन 30 से ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं। इससे पूर्व पांच अगस्त को 35, छह को 38, सात को 30, आठ को 34 संक्रमित मिले।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि 38 नए मरीज मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या 2103 हो गई है। 26 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं। अब तक 1694 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 308 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। 101 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। रविवार तक 66275 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
13 नए कंटेनमेंट जोन और बढ़े
कोरोना मरीज बढ़ने के साथ शहर में नौ और देहात में चार समेत रविवार को 13 नए कंटेनमेंट जोन और बढ़ गए हैं। शनिवार को एक्टिव जोन 121 थे, जो रविवार को 134 हो गए। इनके अलावा 257 कंटेनमेंट जोन बंद हो चुके हैं। मार्च से अब तक जिले में 391 कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं।
हेल्थ स्क्रीनिंग के लिए भी टीमें बढ़ीं
बरसात में संक्रमण की तीन गुने मरीज मिलने के बाद अब हेल्थ स्क्रीनिंग के लिए भी टीमें बढ़ा दी हैं। अब रोजाना 80 से अधिक टीमें हॉट स्पॉट एरिया में सर्वे करने जा रही हैं। 16 जुलाई से आठ अगस्त तक 123460 घरों का सर्वे हो चुका है।
जुलाई के दूसरे तीसरे सप्ताह से रोजाना औसतन 30 मरीज मिल रहे हैं। परिवार में सामूहिक संक्रमण और एक ही क्षेत्र में तीन से अधिक मरीज भी मिल रहे हैं। ऐसे में अब इनके घरों में हेल्थ स्क्रीनिंग करने के लिए 80 से अधिक टीमें सर्वे के लिए घर-घर जा रही हैं।
इससे पहले इन क्षेत्रों में 25 से 30 टीमें ही सर्वे को लगाई गई थी। 16 से आइ अगस्त तक 123460 घरों के 530649 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी हैं। इनमें देहात के 46138 घरों में 196681 और शहर के 77322 घरों में 333968 लोग शामिल हैं।
इनमें जुकाम, तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी, गले में खराश के लक्षणों का आकलन कर इनको मल्टी विटामिन और विटामिन सी की दवा देने के साथ ही संक्रमित मरीजों के परिजनों को एंटी मलेरिया की दवा भी खिलाई जा रही है।
सीएमओ डा. आरसी पांडेय ने बताया कि संक्रमित मरीज मिलने के बाद पहले, दूसरे और तीसरे दिन उस क्षेत्र में टीम रोजाना स्क्रीनिंग करती हैं। दसवें दिन फिर सर्वे होकर संदिग्धों की जानकारी करते हैं। टीम गर्भवती, बुजुर्ग, किडनी-लिवर कैंसर, बुखार-खांसी के मरीजों की मानीटरिंग भी करते हैं।