कोरोना वायरसः जांच के नमूने लेते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
न्यू आगरा निवासी 65 वर्षीय गुर्दा रोगी और एक अन्य रोगी की मंगलवार को मृत्यु होने से संक्रमित मृतकों की संख्या 126 हो गई है। मंगलवार को कोरोना से संक्रमित 73 नए मरीज और मिले हैं। अब संक्रमितों का आंकड़ा 5703 पहुंच गया है।
डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि दो मरीजों की मृत्यु हुई है। गुर्दा रोगी डायलसिस पर था, संक्रमित होने के बाद निमोनिया होने से उनकी मृत्यु हुई। वहीं दूसरा मृतक गैर जनपद से आगरा में भर्ती हुआ था। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। अब तक कोरोना संक्रमण के 811 मरीज उपचाराधीन हैं। वहीं 4,766 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। मंगलवार तक 1,87,376 लोगों के सैम्पल टेस्ट किए जा चुके हैं।
बैंककर्मी मिले संक्रमित, दो दिन शाखाएं बंद
कस्बे की एसबीआई और स्याहीपुरा स्थित केनरा बैंक की शाखा के एक-एक कर्मी संक्रमित मिले हैं। सोमवार को जांच के बाद इसकी पुष्टि होने पर दो दिन के लिए दोनों शाखाओं को बंद कर दिया गया है। पॉजिटिव मिले कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किए गए हैं। शाखाओं को सैनिटाइज भी किया गया है।
एसएन का चिकित्सक, पीएसी का सिपाही संक्रमित
एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, सीएमओ कार्यालय का एक कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। वहीं 15वीं वाहिनी पीएसी का सिपाही भी संक्रमित मिला है। नूरी दरवाजा में एक ही परिवार के तीन और आवास विकास कॉलोनी में एक ही परिवार के दो सदस्यों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
शाहगंज, सूर्य नगर, सिकंदरा, खंदारी, जयपुर हाउस, कमला नगर, दयालबाग, पिनाहट, अकोला, सेवला जाट, कछपुरा, ताजनगरी फेज दो, कुबेरपुर में भी मरीज मिले हैं।