लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद भंग की गईं कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का अब तक गठन नहीं हुआ है। इससे कांग्रेस नेताओं में निराशा है। आगरा के पांच कांग्रेस नेताओं ने 10 अक्तूबर तक कार्यकारिणी गठित नहीं होने पर कांग्रेस कार्यालय पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रताप सिंह बघेल, संजय शर्मा, यशपाल राना, रविंद्र प्रताप सिंह धाकरे और कृष्णा तिवारी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कहा है कि पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष और जिला व शहर के संगठनों में भी नेतृत्व का अभाव है।
ऐसे में निष्ठावान कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों के खिलाफ सड़क पर आंदोलन भी नहीं कर पा रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं में मायूसी है। अगर पार्टी हाईकमान ने 10 अक्तूबर तक नई कार्यकारिणी नहीं बनाई तो वो अकबर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
ये भी पढ़ें- शिवपाल ने दिए अखिलेश से हाथ मिलाने के संकेत, कहा- सपा के लिए गुंजाइश तो है लेकिन शर्त के साथ