कंप्यूटर की पढ़ाई अनिवार्य किए जाने की तैयारी
- फोटो : amar ujala
फिरोजाबाद शासन की नई शिक्षा नीति के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर की पढ़ाई अनिवार्य किए जाने की तैयारी है। जिले के एडेड कॉलेजों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को फायदा होगा। विद्यार्थी कंप्यूटर विषय अनिवार्य होने के फैसले से खुश हैं।
जिले में 59 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय है। सभी एडेड कॉलेजों में कंप्यूटर विषय नहीं पढ़ाया जाता है। सरकार ने करीब सात वर्ष पूर्व आरसीटी योजना शुरू की थी। इसके लिए कंप्यूटर लैब की स्थापना कराई थी। योजना बंद होने के बाद कंप्यूटर लैब पर ताले लग गए। कंप्यूटर विषय वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ाया जाता है। विद्यार्थी को कंप्यूटर अथवा अंग्रेजी विषय में से एक विषय लेना होता है। इससे दोनों महत्वपूर्ण विषय पढ़ने वाले छात्र नुकसान में रह जाते हैं।
अब अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर विषय अनिवार्य करने की तैयारी है। शासन ने इस बारे में विद्यालयों से निश्चित प्रारूप पर जानकारी मांगी है। संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा को निर्देश भेज दिए हैं। बीएसए बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि सरकार बच्चों को तकनीकि शिक्षा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। सूचनाएं मांगी गई है। संभवत: कंप्यूटर शिक्षा को अनिवार्य किया जाएगा।
ये मांगी गई है जानकारी
शासन ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर विषय अनिवार्य करने को लेकर जो जानकारी मांगी है, उनमें विद्यालयों के नाम, प्रवक्ता व सहायक अध्यापकों के सृजित पद, कंप्यूटर विषय की मान्यता की हाईस्कूल व इंटर स्तर पर स्थिति आदि है। विद्यालयों से मांगी गई आवश्यक जानकारी मिलने पर कंप्यूटर विषय के शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।