मैनपुरी। महिला अपराध में पीड़िताओं को प्रतिकर दिलाए जाने के लिए जिला संचालन समिति की बैठक सोमवार को डीएम अविनाश कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में हुई। थाना दन्नाहार क्षेत्र की एक दुष्कर्म पीड़िता को तीन लाख रुपये का प्रतिकर दिलाए जाने की संस्तुति की गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने पीड़िता का खाता खुलवाकर राशि भेजने के निर्देश दिए।
रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल कल्याण कोष के तहत गठित जिला संचालन समिति की बैठक में बताया कि मामले में थाना दन्नाहार पुलिस 10 जनवरी 2019 को कोर्ट में चार्जशीट भेज चुकी है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने प्रकरण को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए थे। बैठक में एसपी कमलेश दीक्षित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र कुमार चौधरी, सीडीओ विनोद कुमार, सीएमओ डॉ. पीपी सिंह आदि मौजूद रहे।