फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला पंचायत की पहली बैठक में हंगामा

Fri, 15 Jan 2016 02:03 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत की पहली बैठक में ही हंगामा हो गया। सदस्यों ने सदन कक्ष में बाहरी लोगों के प्रवेश पर आपत्ति जताई तो कुछ सदस्यों ने पुरानी परंपराओं को तोड़कर और बेहतर व्यवस्था लागू करने की मांग की। आरोप, प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। बड़ी मुश्किल से मामला शांत किया गया, लेकिन इस हंगामे के बीच समाजवादी पार्टी दो अहम प्रस्ताव पास कराने में कामयाब हो गई।
विज्ञापन

बैठक से पहले जिलाधिकारी पंकज कुमार ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सदस्यों को शपथ दिलाई। दोपहर करीब ढाई बजे जिला पंचायत सदन की बैठक हुई। सदन कक्ष में सदस्यों के रिश्तेदार पहले ही कुर्सियों पर बैठ गए। इस पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुरेश यादव ने शासनादेश पढ़कर सुनाया, जिसके तहत किसी भी सदस्य का रिश्तेदार न तो सदन की बैठक में रह सकता है और ना ही अन्य किसी प्रक्रिया में भाग ले सकता है। शासनादेश का पालन करते हुए रिश्तेदार सदन कक्ष से बाहर चले गए।
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामसकल गुर्जर के आगमन के बाद बैठक की विधिवत शुरुआत हुई। सबसे पहले सदस्यों का परिचय कराया गया। इसके बाद पहला प्रस्ताव समितियों के गठन के संबंध में आया। सदस्यों ने आपसी सहमति पर जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुमति से अगली बैठक में उपसमितियों का गठन कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। इसके बाद दूसरा प्रस्ताव जिला पंचायत अध्यक्ष को वित्तीय अधिकार देने का आया। इसे भी सदस्यों ने स्वीकृति दे दी। इसी बीच वार्ड संख्या छह के सदस्य सत्य प्रकाश शर्मा ने सदन में खड़ी भीड़ पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि शासनादेश का पालन कहां हो रहा है। तमाम बाहरी लोग सदन में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सदन में आपसी तालमेल की केवल बातेें होती हैं लेकिन अध्यक्ष मनमानी करते हैं। विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी होती है। लिहाजा पूर्व में चली आ रही परंपराओं को तोड़ा जाए और सबसे पहले विकास कार्यों की जांच को समिति का गठन हो। साथ ही जगनेर ब्लाक को विशेष ब्लाक का दर्जा दिया जाए। उनके समर्थन में सदस्य शिव कुमार भी खड़े हो गए तो सपा के सदस्यों ने विरोध कर दिया। हंगामा भी हुआ। सत्य प्रकाश शर्मा ने सदन के बहिष्कार की धमकी देना शुरू कर दिया। तब मंत्री रामसकल गुर्जर और कुशल यादव ने मामला शांत किया। अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव ने सभी को भरोसा दिलाया कि आपसी सामंजस्य के आधार पर ही कार्य होंगे। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। इसके साथ ही बैठक समाप्त हो गई।
विज्ञापन

इनबाक्स...
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नहीं बैठक में पहुंचे बसपा विधायक
जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विरोधी दलों के नेता नहीं पहुंचे। बैठक में आगरा ग्रामीण सीट से बसपा के विधायक कालीचरण सुमन और फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से विधायक सूरज पाल पहुंचे। हालांकि कार्यवाही के दौरान दोनों विधायक एक शब्द नहीं बोले।
इनबाक्स...
नहीं पहुंचे अफसर
बैठक में अधिकारी नदारत रहे। न सीडीओ पहुंचे और ना ही कोई अन्य प्रशासनिक अधिकारी। इस पर राज्यमंत्री रामसकल गुर्जर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तो जिला पंचायत के अधिकारियों ने सीडीओ से फोन पर वार्ता की तो बैठक शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद सीडीओ दीपक मीना पहुंच गए।
इनबाक्स...
क्या प्रस्ताव पास हुआ पता ही नहीं
बैठक में सपा दो अहम प्रस्ताव पास कराने में कामयाब रही। सदन समितियों के गठन का अधिकार जिला पंचायत अध्यक्ष को दे दिया और उन्हें वित्तीय अधिकार भी दे दिए। जब यह प्रस्ताव रखे जा रहे थे तब सदन में ऐसे भी सदस्य थे जिन्हें जानकारी ही नहीं थी क्या प्रस्ताव हैं। कुछ सदस्यों ने सहमति दी तो सभी ने सहमति दे दी और ताली बजाकर उनका साथ दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें