काली नदी पुल पर छाया घना कोहरा
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। मौसम के मिजाज ने मंगलवार को फिर से करवट बदल ली। दिन भर चली ठंडी हवाओं के चलने से लोग कंपकंपा गए। न्यूनतम पारा गिरकर 6 डिग्री तक रह गया, जबकि अधिकतम पारा 16 डिग्री तक ही पहुंच सका। दिन भर सूर्यदेव के दर्शन न होने से लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव आदि का सहारा लेना पड़ा। कोहरे के चलते वाहन चालकों को भी काफी दिक्क्तें उठानी पड़ीं।
वातवरण सुबह से कोहरे की चादर से ढक गया। बाहरी इलाकों में तो कोहरा इतना घना था कि कुछ दूरी का भी दिखाई नहीं दे रहा था। जिससे वाहन चालक काफी परेशान हुए। वाहन चालकों को अपने वाहनों की रफ्तार को कम करना पड़ा। जिससे उन्हें अपने गंतव्य तक जाने में काफी समय लगा। तेज ठंडी हवाएं चलने से कोहरे की चादर तो कुछ कम हो गई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। जिससे सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। ठंड से बचने के लिए गर्म टोपी और दस्ताने पहनकर बाहर निकले लोग भी खुले इलाकों में कांपते नजर आए।
बसों में घटने लगे यात्री
बढ़ती ठंड का असर अब बसों में भी दिखाई देने लगा है। सहालग का सीजन होने के बाद भी यात्रियों की संख्या घटने लगी है। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग बसों में यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या घटने पर विभाग ने बसों की संख्या में कटौती करना शुरू कर दिया है, जिससे घाटा न हो।
बाजारों में दिखा ठंड का असर
ठंड का असर बाजारों में भी दिखाई दिया। बाजार में काफी कम लोग नजर आए। बुजुर्ग एवं बच्चों को परिजनों ने घर से बाहर नहीं निकलने दिया। जिससे बाजारों में काफी कम संख्या में लोग दिखाई दिए। सुबह के समय काफी देर तक दुकानदार खाली बैठे नजर आए। शाम के समय भी चहल पहल घट गई।