आगरा के एसएसपी अमित पाठक ने सीओ पिनाहट मोहसिन खान का तबादला सीओ ताज सुरक्षा के पद पर किया है। एसएसपी इसे रूटीन कार्रवाई बता रहे हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसका आदेश पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह के दबाव में जारी किया गया है। कारण यह है कि अरिदमन ने मोहसिन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था।
वह सीओ पर अवैध खनन, अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त होने और एससी-एसटी एक्ट के गलत इस्तेमाल का आरोप लगा रहे थे। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि सीओ ने पूर्व मंत्री के करीबी लोगों के एससी-एसटी एक्ट में कार्रवाई की थी। वो इससे खफा थे।
अरिदमन सिंह बाह के विधायक रहे हैं। पिनाहट बाह क्षेत्र में ही आता है। बाह की मौजूदा विधायक रानी पक्षालिका सिंह अरिदमन सिंह की पत्नी हैं। वहीं मोहसिन खान लगभग 14 महीने से सीओ पिनाहट के पद पर थे। वो इससे पहले सीओ एत्मादपुर रह चुके हैं।