मैनपुरी। जिले में भी जल्द ही सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) से वाहन फर्राटा भरेंगे तो घरों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति की जाएगी। शासन की मंजूरी के बाद जिले में पाइपलाइन डालने का काम शुरू हो गया है। एक साल में इस कार्य को पूर्ण किया जाना है। प्रथम चरण में सीएनजी पंप स्थापित किए जाएंगे तो द्वितीय चरण में घरों में आपूर्ति की जाएगी।
वाहनों से बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने जिले में सीएनजी की आपूर्ति की मंजूरी दे दी है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है। जिले में नवीगंज से लेकर भोगांव होते हुए बिछवां तक पाइपलाइन डाली जानी है तो भोगांव से मैनपुरी तक शहर के लिए पाइपलाइन डाली जानी है। इसके बाद शहर में भी पांच किलोमीटर पाइपलाइन डाली जाएगी। इस तरह जिले में कुल 53 किलोमीटर पाइपलाइन डाली जाएगी।
काम हो गया शुरू
अगस्त 2021 तक पूर्ण होगा पाइपलाइन का काम
एचपीसीएल द्वारा जिले को सीएनजी गैस की आपूर्ति के लिए डाली जाने वाली पाइपलाइन का काम जून 2020 में शुरू हुआ है। शहर में प्रथम चरण में जहां दिसंबर 2020 तक पाइपलाइन डालने का काम पूरा करना है तो वहीं जिले की सीमा में बाकी पाइपलाइन डालने का काम अगस्त 2021 तक पूरा होना है। ये पाइपलाइन कचहरी रोड से आश्रम रोड, मदार दरवाजा, घंटाघर, बड़ा चौराहा, करहल रोड होती हुई करहल चौराहे तक डाली जानी है। इसमें छह इंच व्यास की स्टील पाइपलाइन डाली जा रही है तो मैनपुरी से भोगांव के बीच आठ इंच और नवीगंज से भोगांव के बीच दस इंच की पाइपलाइन डाली जाएगी।
मलिकपुर गेल प्लांट से होगी आपूर्ति
जिले में सीएनजी की आपूर्ति कन्नौज जिले के मलिकपुर स्थित गेल प्लांट से की जाएगी। इसके लिए मलिकपुर से नवीगंज तक भी पाइपलाइन डाली जानी है। पहले चरण में मैनपुरी शहर को आपूर्ति देने के बाद जीटी रोड पर बसे बेवर, भोगांव, छाछा, बिछवां और कुरावली में भी सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
एचपी पंप बनेंगे सीएनजी स्टेशन
योजना के तहत वाहनों को सीएनजी की आपूर्ति करने के लिए पहले नए स्टेशन नहीं खोले जाएंगे। सबसे पहले शहर में स्थित एचपी के फिलिंग स्टेशन को ही सीएनजी स्टेशन बनाया जाएगा। यहां से वाहनों को आपूर्ति कराई जाएगी। बाद में नए स्टेशन के लिए प्रपोजल किया जाएगा।
जिले के लोगों को बड़ी राहत
लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दामों के चलते हर कोई आज सीनजी वाहनों को पसंद कर रहा है। लेकिन जिले में सीएनजी स्टेशन न होने से लोगों को मायूस होना पड़ता था। अब उन्हें भी बड़ी राहत मिलेगी। बताते चलें कि जिले में एलपीजी का भी अब तक एक ही फिलिंग स्टेशन है जो सालों से बंद पड़ा हुआ है।
जिले में सीएनजी पाइपलाइन डालने का काम शुरू हो गया है। अगले साल तक काम पूरा होने के साथ-साथ सीएनजी स्टेशन शुरू हो जाएंगे। कन्नौज के मलिकपुर स्थित प्लांट से जिले में आपूर्ति होगी। घरों में भी आपूर्ति अगले वर्ष के अंत तक दे दी जाएगी।
हरेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचपीसीएल