सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से अब प्रत्येक माह जिले की रैंकिंग जारी की जाती है। अक्तूबर के आधार पर जारी की गई रैंकिंग में मैनपुरी को प्रदेश में छठा स्थान मिला है। ऐसे में मैनपुरी टॉप-10 जिलों में शामिल हो गया है। ये रैंकिंग राजस्व और विकास विभाग की संयुक्त प्रगति के अनुसार जारी की गई है।
राजस्व विभाग और विकास विभाग की 64 योजनाओं की वर्तमान में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा की जा रही है। इन योजनाओं की प्रगति के आधार पर ही रैंकिंग तैयार की जाती है। अक्तूबर में इन योजनाओं की प्रगति के आधार पर शासन ने रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें मैनपुरी टॉप-10 जिलों में अपनी जगह बनाने में सफल रहा। प्रदेश में मैनपुरी को छठा स्थान मिला है। सितंबर में जारी रैंकिंग में मैनपुरी को 36 वां स्थान प्रदेश में मिला था।
इस रैंकिंग के बाद जिला प्रशासन ने सुधार के लिए भरसक प्रयास किए। इसी का नतीजा रहा कि इस बार रैंकिंग में सीधे 30 पायदान का सुधार हुआ। रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली है।