कासगंज दोपहर के समय आसमान में छाये काले बादल।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। मौसम का मिजाज रविवार को बदल गया। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। सुबह के समय शीतल हवा के झोकों ने लोगों को काफी राहत दी। पारा लुढ़क कर 38 डिग्री तक रह गया। मौसम विभाग सोमवार को बारिश होने के संकेत दे रहा है, जिससे पारा ओर नीचे आने की संभावना जताई जा रही है।
बादलों ने सुबह से ही आसमान में डेरा डाल लिया। इसी के साथ ही शीतल हवाएं चलने लगी। 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने लोगों को काफी राहत दी। कई दिनों से गर्मी से अकुलाए लोग मौसम के इस मिजाज को देख काफी खुश नजर आए। सुबह के समय न्यूनतम पारा 28 डिग्री तक रहा।
दोपहर के समय भी पारा अधिक नहीं चढ़ा। अधिकतम पारा 38 डिग्री तक पहुंचा। आसमान में बादलों एवं हवा के झोंकों के चलते लोगों को अधिक गर्मी महसूस नहीं हो सकी। मौसम विभाग के द्वारा सोमवार को बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। बादलों को देख जहां मक्का उत्पादक किसान चिंतित हैं वहीं धान उत्पादक किसान खुश नजर आ रहे हैं। किसान रामवीर का कहना है कि यदि बारिश हो जाती है तो धान की रोपाई में आसानी हो जाएगी।