आगरा। दो दिन की बारिश ने नाला सफाई के दावों की पोल खोल दी। गलियों में नहीं, बल्कि मुख्य सड़कों और हाईवे पर पानी भर जाने से लोगों को परेशान हुई। रविवार को हुई बारिश में शमसाबाद रोड, राजपुर चुंगी, आवास विकास कॉलोनी, कैलाशपुरी मोड़, दयालबाग, न्यू आगरा, नगला पदी, ग्वालियर रोड, नगला पदमा, नगला छऊआ, ईदगाह, अर्जुन नगर, अजीत नगर, जगनेर रोड, खेरिया मोड़, अवधपुरी, अलबतिया रोड, केदार नगर क्षेत्र में जलभराव हो गया।
खेरिया मोड़ पर डेढ़ फीट तक पानी भर जाने से स्कूटर और बाइक डूब गईं। चौराहे से अजीत नगर गेट तक जलभराव ने एयरफोर्स के अधिकारियों व कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कौशलपुर, गुरुद्वारा गुरु का ताल, आईएसबीटी और सुल्तानगंज पुलिया सर्विस रोड पर जलभराव से पैदल चलने वालों की मुश्किल बढ़ गई। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के मुताबिक नाला सफाई के दावों की जांच के लिए निरीक्षण किए जाएंगे।
नालों में वापस गई सिल्ट
रविवार दोपहर आधे घंटे की बारिश ने सिल्ट को वापस नाले में ही पहुंचा दिया। महावीर नगर, कावेरी कुंज, कमला नगर, बल्केश्वर, आवास विकास में नालो से सिल्ट निकाली गई थी। इसे नालों के किनारे छोड़ दिया गया। बारिश होने से यह सिल्ट फिर से नालों में चली गई।
-
नाला सफाई पर विशेष सदन का प्रस्ताव
11 मई को नगर निगम के सामान्य अधिवेशन में नाला सफाई की शिकायतों के साथ पार्षदों ने अधिकारियों पर सवाल उठाए थे। तीन दिन पहले की बारिश से शहर की हर सड़क और मोहल्ले में जलभराव की समस्या रही। ऐसे में नगर निगम के पार्षदों ने नाला सफाई के मुद्दे पर विशेष सदन बुलाने की तैयारी की है। वरिष्ठ पार्षद रवि बिहारी माथुर और राकेश जैन ने विशेष सदन के लिए 25 पार्षदों के हस्ताक्षर कराए हैं। मेयर हेमलता दिवाकर को यह सौंपा जाएगा, जिसके 15 दिन के अंदर विशेष सदन बुलाना होगा। पार्षदों का कहना है कि नाला सफाई के सभी दावे कागजी हैं। जलभराव से स्पष्ट है कि नालों की सफाई नहीं हो रही है। केवल डीजल घोटाला किया जा रहा है।
-
केदार नगर, अवधपुरी, अलबतिया रोड के नाले साफ नहीं
वार्ड 30 केदार नगर के साथ अवधपुरी, शंकरगढ़ की पुलिया, अलबतिया रोड, सुभाष नगर, मारुति एस्टेट और आजमपाड़ा रोड के नालों की सफाई न होने की शिकायत नगर आयुक्त से की गई है। क्षेत्रीय लोगों के साथ पार्षदों ने कहा है कि नालों की सफाई के नाम पर मशीन से कुछ जगहों पर सिल्ट निकाल दी गई है। आरसीसी स्लैब के नीचे सिल्ट की मोटी परत जमा है, जो बांध की तरह से पानी को रोक रही है। इसीलिए इस क्षेत्र के नालों का जलस्तर सफाई के दावों के बाद भी एक इंच भी कम नहीं हुआ। यह इन दिनों ही सड़क की सतह के बराबर बह रहे हैं। बारिश में पानी इसमें कैसे समाएगा। दो बारिश में पूरा पानी केदार नगर से अवधपुरी तक भर गया था। केदार नगर के नानक चंद ने कहा कि दो साल से सफाई नहीं हो रही है। यहां रामनगर तक सीसी नाला भी बन गया, लेकिन सफाई नहीं कराई गई।
बारिश से हुआ जलभराव। संवाद