आगरा। बाग फरजाना और सिविल लाइंस क्षेत्र के लोग पानी संकट से जूझ रहे हैं। यहां पानी की पाइप लाइन है लेकिन कई माह से प्रेशर न होने के कारण लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को क्षेत्र के लोगों ने आक्रोश जताया।
डॉ. नवल किशोर के निवास से लेकर स्पीड कलर लैब (एमजी रोड) तक पानी की किल्लत है। क्षेत्रीय निवासी राजेश मित्तल ने बताया कि अधिकारी हर वर्ष समस्या दूर करने का सिर्फ आश्वासन देते हैं। गर्मियों में पानी का प्रेशर कम होने से सप्लाई नहीं होती है। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान से मांग की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पार्षद शरद चौहान का कहना है कि नगर निगम को नई पाइप लाइन डालने का प्रस्ताव भेजा है। इस दौरान गौरव शर्मा, डॉ. अभिषेक अग्रवाल, आशुतोष उपाध्याय, लाल सिंह, विवेक, रजनी मित्तल, अंजना शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ जैन आदि उपस्थित रहे।
प्रताप नगर, राजनगर में आ रहा गंदा पानी
जयपुर हाउस के प्रताप नगर डबल स्टोरी और राजनगर क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। क्षेत्रीय निवासी राकेश गुलाटी ने बताया कि केशव कुंज पानी की टंकी से क्षेत्र में सप्लाई होती है। कई दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। यही हाल राजनगर में भी है। पार्षद बंटी माहौर ने बताया कि कई माह से गंदा, काला और बदबूदार पानी नलों से आ रहा है। जलकल विभाग के अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे। इस दौरान विवेक श्रीवास्तव, बीएस राघव, सुल्तान खान, कामरान अली, जावेद खान, अहसान इलाही, जीके गांधी आदि मौजूद रहे।