मैनपुरी। शहर को अतिक्रमण मुक्त किए जाने को लेकर प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत अब चौकी स्तर पर इंचार्ज की जिम्मेदारी तय की गई है। अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध चालान होगा।
शहर के लेनगंज, यादव मार्केट, घंटाघर, संता बसंता चौराहा क्षेत्र में तो अकसर जाम के हालात बने रहते हैं। अब चौकी स्तर पर इसका समाधान निकाला जाएगा। चौकी इंचार्ज अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करने के साथ ही चालान किए जाने की कार्रवाई करेंगे। दोबारा अतिक्रमण होने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज अपनी कार्रवाई की रिपोर्ट थाना स्तर पर देंगे। वहां से यह रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक मुहैया कराई जाएगी। जाम का प्रमुख कारण सड़क से लेकर फुटपाथ पर व्यापारियों का किया अनाधिकृत विस्तार है। तय सीमा से भी अधिक क्षेत्र में दुकानें सजाने व फड़ पर अस्थायी दुकानें ही जाम की वजह बनती हैं। इसके साथ ही आड़े तिरछे स्थायी तौर पर खड़े रहने वाले हथठेल भी जिम्मेदार हैं।
जाम की समस्या से निजात के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नगर पालिका के साथ जल्द ही अभियान भी चलाया जाएगा।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी