किशनी। किशनी की ग्राम पंचायत तरिहा में लगातार चौथी बार फिर राशन डीलर का चुनाव टल गया। इस बार ग्राम प्रधान के न आने से चुनाव टल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द चुनाव कराने की मांग की है।
सोमवार को ग्राम पंचायत तरिहा में राशन डीलर का चुनाव प्रस्तावित था। चुनाव के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए थे, लेकिन जब काफी देर तक ग्राम प्रधान संध्या चौहान मौके पर नहीं पहुंची तो चुनाव नहीं हो सका। इसके बाद गुस्साए ग्रामीण तहसील पहुंच गए।
यहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि उनकी राशन की दुकान सभापुर की कोटा डीलर लता चौहान के कोटे से संबद्ध है। जिससे उन्हें राशन लेने में काफी परेशानी हो रही है। उनके कोटा डीलर के चुनाव के लिए पहले पांच जनवरी, फिर 26 फरवरी, इसके बाद 3 मार्च और फिर 29 जुलाई निश्चित की गई थी। लेकिन हर बार की तरह इस बार भी चुनाव टल गया। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान संध्या चौहान राशन डीलर प्रत्याशी संजय चौहान के घर पर बैठी रहीं, लेकिन मौके पर नहीं आईं। बाद में उन्होंने बीमार होने की सूचना भेज दी। ग्रामीणों ने एसडीएम से अपनी मौजूदगी में जल्द राशन डीलर का चुनाव कराने की मांग की है। मांग करने वालों में अंकित चौहान, सुधीर दीक्षित, मानसिंह कठेरिया, विजय चौहान, राहुल चौहान, रोहित चौहान, गेंदालाल, हरीराम, सतीश शाक्य, महेश शाक्य, सोहित, नेता कठेरिया, अनिल कठेरिया, रामसिंह शाक्य आदि शामिल हैं।