कासगंज। आगरा सेंट्रल जेल से बाहुबली कैदी धांसू बघेल द्वारा मांगी गई फिरौती के प्रकरण में पुलिस जांच रिपोर्ट तैयार कर रही है। फोन कराने के दोषी पाए गए सेंट्रल जेल के तीनों बंदी रक्षकों के बयान पुलिस द्वारा दर्ज कराए जा चुके हैं। पुलिस अब सेंट्रल जेल आगरा के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की तैयारियों में है।
विगत 12 मार्च को सोरों क्षेत्र के गांव भिदौनी से 10 वर्षीय बालक अचल सिंह का अपहरण हो गया था। मामले में आगरा सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात कैदी धांसू सिंह बघेल ने धमकी भरा पत्र परिजनों को भेजा और फिरौती के लिए फोन किया। सोरों के कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह आगरा सेंट्रल जेल में कैदी से पूछताछ भी की थी। जेल से कॉल आने की बात का खुलासा होने पर जेल प्रशासन ने जेल से चिट्ठी और मोबाइल कॉल जाने की जांच पड़ताल की तो खुलासा हुआ कि कैदी धांसु बघेल ने जेल कार्यालय में कार्य करने वाले कुछ कैदियों के माध्यम से फिरौती की मांग का पत्र भिजवाया और बंदी रक्षकों जरिए कॉल कराई। कोतवाली पुलिस बंदी रक्षकों के बयान दर्ज करने के बाद सेंट्रल जेल प्रशासन को रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है।
- बंदी रक्षकों ने बयान ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने अपहृत बालक के परिजनों को फोन कर सूचित किया था। बयान दर्ज करने के बाद रिपोर्ट सेंट्रल जेल आगरा को भेजी जा रही है- रिपुदमन सिंह, कोतवाली प्रभारी।