कुसमरा। कस्बा स्थित एक निजी क्लीनिक पर बृहस्पतिवार को प्रसव के दौरान नवजात बच्चे की मौत हो गई। डॉक्टर ने जब बच्चे का शव देने में आनाकानी की तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। बाद में परिजनों ने डॉक्टर से शव छीन लिया। हंगामा होते ही डॉक्टर और उसके साथी क्लीनिक बंद करके भाग गए।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव गजियांपुर निवासी बबलू बाथम की पत्नी लक्ष्मी को परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर बृहस्पतिवार को नगर के नुनारी तिराहा स्थित संतोषी क्लीनिक पर भर्ती कराया। यहां प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई। जच्चा की भी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर दूसरे डॉक्टर के पास जाने लगे। आरोप है डॉक्टर ने बच्चे के शव को देने से मना कर दिया। इस पर परिजन हंगामा काटने लगे। परिजनों ने डॉक्टर से बच्चे के शव को छीन लिया। हंगामा होते देख डॉक्टर और उसके साथी क्लीनिक बंद कर भाग गए। परिजनों ने प्रसव के नाम पर आठ हजार रुपये लेने और लापरवाही का आरोप लगाया। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है।
-------
प्रसव के दौरान बच्चे की मौत की जानकारी मिली है। शुक्रवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
डॉ. पीपी सिंह, सीएमओ
-----