बिछवां (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम नगला जीसुख के पास लोडर के रौंदने से बाइक सवार फर्रुखाबाद निवासी दंपती घायल हो गए। हादसे में दो वर्षीय बालक की मौत हो गई। जिला अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बच्चे का शव लेकर फर्रुखाबाद चले गए।
जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज निवासी अमर सिंह बृहस्पतिवार को पत्नी व दो वर्षीय पुत्र प्रीत के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। बाइक जब शाम करीब पांच बजे थाना क्षेत्र में गांव नगला जीसुख के पास पहुंची। मार्ग से गुजर रहे लोडर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं प्रीत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। सूचना पर फर्रुखाबाद से पहुंचे परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे का शव लेकर चले गए।