घिरोर। नगर के करहल रोड पर लगे अस्थाई बाजार में बिजली चोरी कर विद्युत निगम को राजस्व की क्षति पहुंचाई गई। वहीं क्षेत्र में तैनात अफसर इससे अंजान बने रहे। सोशल मीडिया पर जब लोगों ने बिजली चोरी का वीडिया वायरल किया तो बजाए कार्रवाई के अधिकारी बचाव में जुट गए।
घिरोर के करहल रोड पर 20 फरवरी से एक अस्थाई बाजार लगा था। इसमें छोटी बड़ी लगभग 50 दुकानें थीं। इनमें बिजली की आपूर्ति के लिए अतिरिक्त केबिल डालकर बिजली चोरी की गई। रात में दुकानों पर रोशनी की व्यवस्था कराने से लेकर बाहरी सजावट की गई। लगातार 24 दिन तक बाजार में बिजली चोरी की गई। आसपास के लोगों ने जब केबिल डालकर बिजली चोरी करने का वीडियो वायरल किया तो अधिकारी बजाए कार्रवाई के अपने बचाव में जुट गए।
उप खंड अधिकारी उपेंद्र राय का कहना है कि अस्थाई बाजार के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन लिया जाना चाहिए थे, जो नहीं लिया गया। वे बिजली चोरी की बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पास ही एक दुकान पर संचालित विद्युत कनेक्शन से अस्थाई बाजार में बिजली का उपभोग किया गया। नगर के संतोष कुमार, अशोक कुमार, मनोज कुमार, अमित कुमार, अखिलेश सिंह आदि ने विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।