आगरा में फतेहाबाद रोड स्थित होटल डीलक्स इन के सामने खुले पड़े मैनहोल में गिरकर आठ साल के बालक की मौत हो गई। वह मां और बहनों के साथ जन्माष्टमी उत्सव और झांकियां देखने जा रहा था। परिवारीजनों ने होटल संचालक की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाया है। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आगरा में तुलसी नगर, गोबर चौकी निवासी टेंट व्यवसायी पुरुषोत्तम राठौर मंगलवार को जन्माष्टमी पर पत्नी नीलम, बेटी नीरू, वैष्णवी, मोहिनी और बेटे शिवम के साथ 15वीं बटालियन पीएसी परिसर में आयोजित होने वाले जन्माष्टमी उत्सव को देखने जा रही थे। फतेहाबाद रोड पर होटल डीलक्स इन के बाहर मैनहोल खुला पड़ा था।
इसमें होटल की सीवर लाइन जा रही है। परिवारीजनों के अनुसार सामने से आती एक कार से बचने के लिए शिवम मां से हाथ छुड़ा कर बगल की ओर दौड़ा और मैनहोल में गिर गया। मैनहोल आठ फीट गहरा और तीन फीट चौड़ा था। बेटे को मैनहोल में गिरता देखकर मां की चीख निकल गई।
बहनों ने शोर मचाया। राहगीर जुट गए। होटल के पास ही रहने वाला एक युवक मैनहोल में उतरा, लेकिन डूबने के कारण वह जल्दी ही बाहर निकल गया। इसके बाद एक और युवक गया। मगर, जहरीली गैस की आशंका पर वह भी बाहर आ गया।
होटल बंद कर भागे कर्मचारी
इस बीच थाना ताजगंज का फोर्स पहुंच गया था। पुलिस ने एक गाइड को गमछा बांधकर नीचे उतारा। तब कहीं शिवम को बाहर निकाला गया। पुलिस उसे जीप में निजी अस्पताल लेकर गई, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग पहुंच गए। उन्होंने होटल मालिक की लापरवाही से हादसा होने का आरोप लगाया। हंगामा काटना शुरू कर दिया। इस पर कर्मचारी होटल बंद करके भाग खड़े हुए। मृतक के परिवारीजनों ने होटल मालिक महेंद्र कुमार के खिलाफ थाना ताजगंज में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
मेरे ‘कान्हा’ को लौटा दे कोई...
एक तरफ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उत्सव में लोग लगे हुए थे तो दूसरी तरफ नीलम ने अपने बेटे शिवम को हमेशा के लिए खो दिया। बेटे के साथ हादसे के बाद मां बेहोश हो गई। परिवारीजन किसी तरह उसे होश में लाए। वह बस एक ही बात कहे जा रही थीं कि कोई मेरे ‘कान्हा’ को तो लौटा दे।
मुझे उसे गले लगाने दे। मैं उसे प्यार करूंगी। अपने से दूर नहीं जाने दूंगी। मां का दर्द देखकर हर किसी की आंखों में आंसू आ गए। शिवम की मां नीलम को घरवाले किसी तरह संभाले रहे। टेंट व्यवसायी पुरुषोत्तम की तीन बेटियों में शिवम इकलौता बेटा था।
सफाई करके नहीं लगाया पत्थर
मासूम शिवम की मौत के लिए होटल मालिक को लोग जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि होटल कर्मियों ने सुबह सीवर लाइन की सफाई की थी। इस कारण पत्थर हटा दिया था। मगर, सफाई के बाद पत्थर नहीं लगाया। जिस स्थान पर मैनहोल हैं। वहां पर लाइट भी नहीं लगी थी, जिससे दिख सके। इस वजह से हादसा हुआ।