फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शरद पूर्णिमा : गंगाघाटों पर उमड़े श्रद्धालु, हर-हर गंगे के स्वरों के साथ लगाई आस्था की डुबकी

विज्ञापन
सोरोंजी की हरि की पौड़ी पर गंगा गंगास्नान करते श्रद्धालु - फोटो : KASGANJ
विज्ञापन
कासगंज। बुधवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। घाटों पर साधु संतों और कन्या लांगुरों को भोज कराया और दान दक्षिणा दी। गंगास्नान के बाद सोरोंजी में देवदर्शन किए। पूरे दिन वातावरण भक्तिमय रहा।
विज्ञापन

श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी, लहरा घाट, कछला गंगाघाट, कादरगंज गंगाघाट पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह ब्रह्न मुहूर्त से ही श्रद्धालु स्नान करने के लिए गंगा घाटों पर पहुंचे। हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर प्रभु का स्मरण किया। मां गंगा का पूजन कर दुग्ध चढ़ाया, प्रसाद बांटा। गंगा किनारे भोजन बनाकर कन्या लांगुरों व साधु संतों को भोजन कराया व वस्त्र दान किए। राजस्थान व मध्यप्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने तीर्थपुरोहितों से धार्मिक अनुष्ठान कराकर उन्हें दान दक्षिणा दी। श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा कर मंदिरों में देव दर्शन कर परिवार की खुशहाली का आशीष मांगा।
आदि वराह मंदिर, रघुनाथजी, योगेश्वर, द्वारिकाधीश, सोमेश्वर, बालाजी, सिद्ध हनुमान, मनकामेश्वर, मानस मंदिर, पंच महाशक्ति,84 घण्टे वाली माता, बटुकनाथ आदि मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इसके अलावा लहरा, कछला और कादरगंज गंगाघाटों पर हर हर गंगे के स्वर गूंजायमान रहे।
विज्ञापन

बच्चों ने विसर्जित किए टेसू-झांझी
सायंकाल के समय बच्चों ने टेसू व झांझी गंगा में विसर्जित किए। भले ही टेसू झांझी का क्रेज कम था, लेकिन पुरानी परंपराओं को जीवंतता देते हुए कुछ बच्चे टेसू झांझी विसर्जित करने पहुंचे।
रातभर बरसा अमृत, आज खाएंगे प्रसाद
रात्रिकाल में श्रद्धालुओं ने खीर पकाकर चंद्रमा की रोशनी में रखी। मान्यता है कि शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा की किरणें खीर में पड़कर उसे अमृत बना देती हैं। जिसे खाने से काया निरोगी व चंद्रमा के समान सुंदर बनती है। बृहस्पतिवार को अमृतरूपी खीर का प्रसाद लोग ग्रहण करेंगे।
यातायात व्यवस्था के लिए मशक्कत
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। रूट डायवर्ट किए गए। कैनाल बाईपास से वाहनों को नदरई होते हुए निकाला गया। इसके अलावा सोरों में भी जगह जगह पुलिस यातायात व्यवस्था संभालती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें