आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को इंटरमीडिएट में रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) और हाईस्कूल में विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक हाईस्कूल की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक इंटरमीडिएट की रसायन विज्ञान एवं समाजशास्त्र की परीक्षा होगी।
जिले के 154 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी सचल दलों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम पर नजर रखी जा रही है। रात में भी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।