आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय इकाई ने मंगलवार को कुलपति कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में अनियमितताओं और पक्षपात का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कुलपति को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग में प्रैक्टिकल के नाम पर अनियमितता की जा रही है। टीमों के चयन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। योग्य खिलाड़ियों की अनदेखी तथा शिकायत लेकर पहुंचने वाले छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी कार्यकर्ताओं ने लगाया। प्रांत सह मंत्री पुनीत कुमार ने कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। इकाई अध्यक्ष शिवम कोहली ने टीम चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और दोषियों के निलंबन की मांग रखी। इकाई मंत्री रचित यादव ने कहा कि छात्र हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल को कुलपति ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी, नितिन दुबे, दीक्षा चौधरी, प्रथम गोयल, हिमांशी माहौर, विवेक सिंह, यश शर्मा, अतुल और दीपक शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद