आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी और बीकॉम पाठ्यक्रमों के पहले सेमेस्टर की परीक्षा में 403 केंद्रों में से 242 कॉलेजों ने ही अभी तक सीसीटीवी कैमरे को कंट्रोल रूम से जोड़ने के लिए आईपी एड्रेस व पासवर्ड दिया है। कंट्रोल रूम में दिखने वाले केंद्रों की संख्या महज 126 है। 116 केंद्र कंट्रोल रूम से दिख नहीं रहे हैं। जो दिख रहे हैं, उनमें से भी तमाम केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों ने बृहस्पतिवार को दूसरी पाली की परीक्षा के आखिरी 20 मिनट में खूब आंखमिचौली की।
परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों का निरीक्षण न करने का खामियाजा विश्वविद्यालय प्रशासन को भुगतना पड़ रहा है। परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव की ओर से केंद्र व्यवस्थापकों को फिर से निर्देश दिया गया है कि वह सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को आईपी एड्रेस व पासवर्ड उपलब्ध करा दें। परीक्षा शुरू होने के बाद वह सारी कवायदें की जा रही हैं, जो पहले हो जानी चाहिए थी। बृहस्पतिवार दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:30 से 01:00 बजे के दौरान आईईटी में स्थापित कंट्रोल रूम से करीब 12:40 बजे राजीव एकेडमी, श्री दाऊजी महाराज, बोहरे पातीराम के अलावा मैनपुरी के सेंटर कोड 0244, 025 और 428 के कैमरे बंद हो गए। कैमरे कुछ अंतराल बाद ऑनलाइन हुए। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर का कहना है कि कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट ली जा रही है, जो केंद्र जुड़े नहीं हैं या फिर जिनके कैमरे ठीक से नहीं चल रहे, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।