बोर्ड की वेबसाइट पर कोई सूचना न होने के कारण स्कूल संचालक भी बेफिक्र थे। बुधवार को दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी के बाद अधिकांश स्कूलों से प्रधानाचार्य और स्टाफ घर जा चुका था। शाम 4 बजे जैसे ही परिणाम का नोटिफिकेशन आया, स्कूल संचालकों ने तत्काल स्टाफ को बुलाया। शुरुआत में सर्वर की रफ्तार धीमी रही। इधर, छात्र और अभिभावक भी घरों में रिजल्ट देखते नजर आए।
परिणाम देखने के बाद स्कूलों में छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटने लगी। अभिभावकों ने मुंह मीठा कराकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। शाम करीब 7 बजे परिणाम की स्थिति साफ हुई तब जाकर स्कूलों ने अपने-अपने टॉपरों की लिस्ट सार्वजनिक की। 99 प्रतिशत अंकों के साथ एयरफोर्स स्कूल की छात्रा स्तुति प्रभा अव्वल रहीं। उन्हें हिंदी, साइंस और सोशल साइंस (तीनों) में 100 अंक तो अंग्रेजी और कंप्यूटर एप्लीकेशन (दोनों) में 99 अंक प्राप्त मिले हैं। गणित में उन्होंने 96 अंक प्राप्त किए हैं।
सेंट एंड्रूज सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्रबंध निदेशक गिरधर शर्मा का कहना है कि टॉप फाइव की बात करें तो 60 प्रतिशत स्थानों पर लड़कियां अव्वल रहीं हैं। गायत्री पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक प्रद्युम्न चतुर्वेदी बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल परिणाम बेहतर रहा है। 95 प्रतिशत और अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी पिछले साल की तुलना में इजाफा हुआ है। इनकी संख्या सैकड़ों में है।