बंगलों के आवंटन में गड़बड़ियों और अवैध रूप से चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के मामले में आगरा छावनी कार्यालय में एक बार फिर सीबीआई की टीम पहुंची। यहां पर टीम ने दस्तावेज खंगाले, इसके साथ ही कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
आगरा छावनी परिषद में बंगलों के आवंटन में गड़बड़ियों और अवैध रूप से चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के मामले में बुधवार को एक बार फिर से जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को 3 घंटे तक छावनी परिषद के कार्यालय में छावनी के दो अधिकारियों से पूछताछ की। एक गेस्ट हाउस और एक रेस्टोरेंट के बारे में जानकारी हासिल की।
छह मार्च को शुरू की थी जांच
छावनी परिषद में पूर्व में हुई अनियमितताओं को लेकर 6 मार्च को सीबीआई की टीम ने जांच शुरू की थी। कई बंगलों का निरीक्षण किया था। बंगलों में चल रहे गेस्ट हाउस, नहीं बनी मैरिज होम और रसगुल्ला हाउस की जांच की थी। बुधवार को एक बार फिर छावनी परिषद पहुंची टीम ने छावनी के दो अधिकारियों से व्यावसायिक गतिविधियों और आवंटन के विषय में पूछताछ की।
तीन घंटे तक रही सीबीआई
टीम करीब तीन घंटे तक परिषद के कार्यालय में रही। इससे छावनी के कर्मचारियों में बेचैनी रही। दो सदस्यीय टीम ने आवंटन और लीज आदि के कई दस्तावेजों को जांच के लिए चेक किया। टीम ने रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस की अनुमति के बारे में जानकारी ली है। लीज की कई संपत्तियों के बारे में भी जांच की जा रही है। टीम अभी शहर में है और बृहस्पतिवार को भी जांच पड़ताल जारी रहेगी। इस संबंध में छावनी के किसी अधिकारी ने कोई जानकारी देने से इनकार किया।