आगरा के पिढौरा कस्बे में जंगली बिल्ली ने सवा महीने के मासूम बच्चे को मार डाला। बिल्ली दबे पांव आई और चारपाई पर मां की सीने से लगकर सो रहे बच्चे को खींच ले गई। जब तक मां जागी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बेहद ही दर्दनाक घटना हुई। थाना पिनाहट रो गांव बरपुरा में आंगन में चारपाई पर मां के साथ सो रहे सवा महीने के बच्चे को जंगली बिल्ली खींच ले गई। खेत में ले जाकर बच्चे को नोच-नोच कर मार डाला। बच्चे को चारपाई पर ना पाकर मां व परिजन ने खोजबीन की। परिवार के लोग खेत में पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। जंगली बिल्ली बच्चे को नोचकर खा रही थी। लाठी-डंडे से लोगों ने बिल्ली को भगाया, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन
यहां का है मामला
बरपुरा गांव की संजना पत्नी सुनील ने सवा महीने पूर्व बेटे आरव को जन्म दिया था। शनिवार की रात को गर्मी के कारण संजना बेटे को लेकर आंगन में चारपाई पर सो गई थी। देर रात जंगली बिल्ली दीवार फांदकर घर में घुस आई और बच्चे को मुंह में दबाकर खेत में खींच ले गई, जिसकी भनक चारपाई पर सो रही संजना को नहीं लगी।
कुछ देर बाद संजना की आंख खुली तो चारपाई पर बेटे को न पाकर घबरा गई। उसने बेटे को इधर-उधर खोजा। साथ ही परिजनों को जानकारी दी। इस पर घरवाले भी घबरा गए। टॉर्च की रोशनी में आसपास बच्चे की तलाश की गई। बाहर खोजते हुए परिजन जब खेत की तरफ पहुंचे तो वहां उन्हें जंगली बिल्ली दिखी, जो बच्चे को नोंच रही थी। घरवालों ने बिल्ली को भगाया। लेकिन, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
सवा माह के मासूम क्षत-विछत शव देख संजना और घरवाले बिलख पड़े। पिता सुनील ने रोते हुए बताया कि भगवान ने उन्हें खुशियां दी, लेकिन कुछ ही दिनों में छीन लिया। परिजन ने बच्चे के शव को दफन कर दिया है।