कासगंज। रोडवेज की बसों में भी अब नकदी के साथ-साथ एटीएम कार्ड से भी टिकट मिल सकेगी। तैयारियां की जा रही हैं। नई टिकट मशीनों में एटीएम कार्डों को स्वेप करने की सुविधा होगी। वहीं, यूपीआई मोड से भी किराए का भुगतान हो सकेगा।
वर्तमान समय में लोगों में कैशलेस से लेन-देन बढ़ा है। यूपीआई मोड का प्रयोग खूब किया जा रहा हैं। वहीं, डेबिट और क्रेडिट कार्ड का भी चलन बढ़ रहा हैं। इसी को देखते हुए रोडवेज ने भी कैशलेस भुगतान पर यात्रा का टिकट देने की तैयारी की हैं। टिकट मशीन में कैशलेस एटीएम और यूपीआई के माध्यम से ट्रांजेक्शन की सुविधा दी जाएगी।
प्रभारी डिपो इंचार्ज बृजेश कुमार ने बताया कि रोडवेज द्वारा शीघ्र ही कैशलेस भुगतान पर टिकट देने की व्यवस्था की जाएगी। जनसंपर्क अधिकारी परिवहन निगम मुख्यालय अनवर अंजार द्वारा जानकारी दी गई है कि भारत सरकार की नामित संस्था नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया से इसके लिए अनुबंध किया गया है। पहले तीन माह लखनऊ और गाजियाबाद में ट्रायल होगा, इसके बाद धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों में नई टिकट मशीनों के माध्यम से कैशलेस व्यवस्था लागू की जाएगी।