बाह (आगरा)। बाह थाने के मालखाने से पिस्टल गायब होने के मामले में बटेश्वर चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव और सिपाही अमित कुमार के खिलाफ तत्कालीन हेड मोहर्रिर ब्रेश कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार को डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने दोनों को निलंबित किया था।
बाह थाने के हेड मोहर्रिर मैनपुरी के नगला शिवकरण गांव के रहने वाले ब्रेश कुमार का कानपुर नगर तबादला हुआ है। नए हेड मोहर्रिर अवधेश कुमार को 20 जुलाई को चार्ज सौंपते समय बटेश्वर चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव को आवंटित पिस्टल गायब मिलने से हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा ने मामले की जांच एसीपी बाह गौरव सिंह को सौंपी। प्रारंभिक जांच में चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव और सिपाही अमित कुमार को दोषी पाए जाने पर शुक्रवार को डीसीपी ने दोनों को निलंबित कर दिया था। अब ब्रेश कुमार ने दोनों के खिलाफ धारा 409 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पिस्टल गायब होने के लिए प्रारंभिक जांच बाह के एसीपी गौरव सिंह को सौंपी गई है। लोकसभा चुनाव की ड्यूटी के बाद बटेश्वर चौकी प्रभारी राजाबाबू यादव ने पिस्टल और 10 कारतूस 9 मई को मालखाने में जमा करा दिए थे। उसी दिन जीडी में तस्करा डालकर बटेश्वर चौकी पर तैनात सिपाही अमित कुमार को पिस्टल दी गई। सिपाही रायबरेली, हरदाेई, आजमगढ़ में चुनाव ड्यूटी कर 28 मई को वापस लौटा। उसी दिन उसे पिस्टल और 10 कारतूस चौकी प्रभारी बटेश्वर को देने के लिए हेड मोहर्रिर ने सौंपे थे। 3 दिन की छुट्टी पर गया सिपाही अमित कुमार 22 जून से गैरहाजिर है। बाद में राजाबाबू ने कहा कि 28 मई के बाद से उन्हें पिस्टल नहीं मिली है। संभवत: अमित कुमार के पास होगी। दर्ज एफआईआर में ब्रेश कुमार ने कहा है कि 10 जून को बटेश्वर मंदिर के ग्रुप में शेयर किए गए फोटो में सिपाही अमित कुमार पैंट में पिस्टल लगाए दिख रहे हैं।