सपा के कार्यालय का उद्घाटन करने की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जिला प्रशासन की बिना अनुमति के सिरसागंज से समाजवादी पार्टी (सपा) प्रत्याशी सर्वेश यादव उर्फ गुड्डू के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करना पूर्व सांसद और एमएलसी को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराने के बाद पूर्व सांसद अक्षय यादव, सपा एमएलसी डॉ. दिलीप यादव, प्रत्याशी सर्वेश यादव सहित 420 अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन और कोविड महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे अक्षय यादव
सिरसागंज में आगरा रोड स्थित आदर्श होटल के सामने सपा प्रत्याशी सर्वेश यादव उर्फ गुड्डू के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने गुरुवार दोपहर पूर्व सांसद अक्षय यादव पहुंचे थे। उनके साथ एमएलसी डा. दिलीप यादव थे। इस कार्यक्रम की जानकारी जब सीओ सिरसागंज को हुई तो उन्होंने थाना प्रभारी सिरसागंज को अनुमति पत्र देखने और नहीं होने पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।